लखनऊः कुकरैल नाले को सुंदर बनाने के लिए चलेगा बुल्डोजर, इन इलाकों के तोड़े जाएंगे सैकड़ों मकान

लखनऊ में कुकरैल नाले के सौंदर्यीकरण के लिए पेपर मिल कॉलोनी वाली रोड पर स्थित भीखमपुरवा और अयोध्या रोड स्थित अकबर नगर बस्ती के सैकड़ों मकान ढहाए जाएंगे। इसके लिए भीखमपुरवा में 150 मकानों पर लाल निशान लगा भी दिए गए हैं। अकबर नगर में भी यही काम हो रहा है, लेकिन अभी किसी को नोटिस जारी नहीं किया गया है। कुल 400 के करीब मकान ढहाए जाएंगे।  खास बात यह है कि जिन मकानों पर बुलडोजर चलना है उनमें से ज्यादातर 50 साल से अधिक पुराने हैं और अब यहां दूसरी पीढ़ी के लोग रह रहे हैं। कुछ तो आजादी के पहले से यहां रह रहे हैं। इनके पहचान और निवास के प्रमाण भी हैं और ये बिजली बिल के साथ हाउस टैक्स भी जमा करते हैं। कार्रवाई के विरोध में लोगों ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और डूडा से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की है।