उत्तराखंड में पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा ने चंद्रा पंत को प्रत्याशी घोषित किया है। चंद्रा पंत दिवंगत काबीना मंत्री प्रकाश पंत की पत्नी हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा ने चंद्रा पंत को प्रत्याशी घोषित किया है। चंद्रा पंत दिवंगत काबीना मंत्री प्रकाश पंत की पत्नी हैं। वहीं कांग्रेस से इस सीट पर पूर्व विधायक मयूख महर ने चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है। महर के इन्कार के बाद पार्टी ने अपने प्रत्याशी की तलाश प्रारंभ कर दी है।
पिथौरागढ़ सीट पर उपचुनाव की तिथि 25 नवंबर तय की गई है। शनिवार को भाजपा ने प्रत्याशी को लेकर स्थिति साफ कर दी है। पिथौरागढ सीट काबीना मंत्री प्रकाश पंत के निधन से रिक्त हुई थी। पार्टी ने दिवंगत मंत्री की पत्नी चंद्रा पंत पर ही उपचुनाव में दांव खेला है। त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल के कद्दावर मंत्री रहे प्रकाश पंत के निधन के बाद सहानुभूति लहर को देखते हुए भाजपा ने उनकी पत्नी चंद्रा पंत को चुनाव मैदान में उतारा है। प्रदेश भाजपा की ओर से भेजे गए पैनल में बतौर उम्मीदवार चंद्रा पंत को ही तरजीह दी गई थी। इसे देखते हुए पार्टी हाईकमान ने चंद्रा पंत को उम्मीदवार बनाने पर मुहर लगा दी।