मथुरा. गैर राज्यों से पलायन कर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पहुंचे श्रमिकों को जब पुलिस कर्मियों ने रोका तो उन लोगों ने हंगामा किया। श्रमिकों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध जताया है। उधर, कोसीकलां में भी मंडी में रोककर रखे गए हजारों मजदूर हाईवे पर आ गए। आरोप है कि, उनके खाने पीने का इंतजाम नहीं किया गया। इन दोनों घटनाओं से पुलिस व प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। एसएसपी गौरव ग्रोवर का कहना है कि, जिले के सभी अधिकारी व फोर्स सड़कों पर है। हमारा प्रयास है कि, सभी मजदूर सुरक्षित अपने घरों तक पहुंचे। इंतजाम जुटाया जा रहा है। ऐसे में मजदूरों को भी धैर्य से काम लेना होगा। प्रशासन पर विश्वास जताना होगा।
तीन थाने की फोर्स माैके पर
मुजफ्फरनगर के बाद औरैया में हुए हादसे के बाद सख्त हुई योगी सरकार ने अब प्रवासी मजदूरों को उनके गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए जिले के अधिकारियों को बसों का इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। इस आदेश के बाद मथुरा में हरियाणा, यूपी बॉर्डर पर प्रवासी मजदूरों को रोक दिया गया। इन मजदूरों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रशासन बसों का इंतजाम कर रहा है। लेकिन प्रवासी मजदूर अपने घर जाने की जल्दबाजी कर रहे हैं। इसी जल्दबाजी के कारण जब मजदूरों को पुलिस ने रोका तो वे भड़क गए और उन्होंने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर फरह थाना क्षेत्र में सड़क पर आग लगा दी। इस सूचना पर फरह के अलावा रिफाइनरी, हाईवे एवं अन्य थानों का पुलिस फोर्स मौके पहुंच गया। करीब 2 घंटा बाद पुलिस प्रशासन द्वारा काफी समझाने के बाद जाम को खुलवाया जा सका। मजदूरों को मजबूरन पुलिस ट्रकों में भरकर आगे के लिए रवाना कर रही है।
आक्रोशित मजदूर हाईवे पर निकले
वहीं, हरियाणा सीमा से आ रहे मजदूरों को शनिवार को ही मंडी समिति में रखा गया था। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि, बसों की व्यवस्था की जा रही है। लेकिन रविवार सुबह तक जब बसों का इंतजाम नहीं हुआ तो वे आक्रोशित हो गए। वह मंडी से बाहर आ गए। पुलिस कर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो उनकी एक न सुनी। सोशल मीडिया पर मजदूरों के हाइवे पर दौड़ लगाते हुए का एक वीडियो भी वायरल हुआ।