रांची. राज्य के नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे ने सभी नगर निकायों को अपने क्षेत्र में स्थित सभी नाला-नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने रांची नगर निगम सहित सभी नगर निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा कि इसे प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराएं। ताकि मानसून के दौरान होने वाली समस्या से निपटा जा सके। उन्होंने निर्देश में कहा है कि 31 मई तक शहरों के सभी नाला-नाली की सफाई कम से कम एक बार अवश्य हो जानी चाहिए।
विनय चौबे ने कहा है कि बरसात आने से पहले यह कार्य हरहाल में पूरा हो जाना चाहिए। ताकि वर्षा होने पर नाले-नालियों में पानी का बहाव होता रहे। नालियां जाम नहीं हों। सचिव ने कहा है कि नालियों की सफाई के लिए अतिरिक्त सफाई श्रमिकों की जरूरत पड़े तो दैनिक मानदेय पर रखा जा सकता है। अतिरिक्त सफाई श्रमिकों का पारिश्रमिक शहरी निकाय नागरिक सुविधा निधि से कर सकते हैं। इसके लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाए।